झारखंड: हजारीबाग पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 25 लाख के इनामी नक्सली कमांडर को दौड़ा-कर पकड़ा

पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार शख्स ने खुद की पहचान नक्सली कमांडर प्रद्युमन शर्मा उर्फ कुंदन उर्फ साकेत उर्फ लुल्ला बताया। प्रद्युमन साल 2003-04 से ही नक्सली संगठन के लिए काम कर रहा था।

Naxalites

झारखंड के हजारीबाग जिले में पुलिस को नक्सलियों (Naxalites) के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी। जिला पुलिस ने 25 लाख के इनामी नक्सली कमांडर प्रद्युमन शर्मा को चौपारण से गिरफ्तार किया। प्रद्युमन गया की सीमा से सटे हजारीबाग, पलामू और चतरा जिलों में पुलिस के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था। उस पर बिहार और झारखंड के अलग-अलग थानों में 90 से अधिक मामले दर्ज हैं। झारखंड सरकार ने प्रदयुमन पर 25 लाख और बिहार सरकार ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।

छत्तीसगढ़: नारायणपुर में सुरक्षाबलों पर नक्सलियों (Naxalites) ने किया हमला, ITBP के सहायक कमांडेंट समेत 2 जवान शहीद

इस खूंखार नक्सली की गिरफ्तारी पर हजारीबाग एसपी मनोज रतन चौथे ने बताया कि उन्हें अपने सूत्रों से गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सल संगठन का टॉप कमांडर प्रद्युमन शर्मा अपने दस्ते के साथ चौपारण थानाक्षेत्र के दासी कर्मा, कोठो बुकाड़ और गरमोरवा पथलगड़वा इलाके में देखा गया है। इस सूचना के आलोक में एक पुलिस टीम गठित की गई और चिह्नित स्थल के तरफ रवाना किया गया। पुलिस के सर्च अभियान के दौरान कोठो गांव के डूमर पहाड़ के नाले की तरफ से नीचे उतर रहे दो शख्स को देखा गया। दोनों शख्स पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। हालांकि पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर रखी थी, इसीलिए भाग लगे लोगों में से एक को पकड़ लिया गया, हालांकि दूसरा जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। 

पुलिसिया पूछताछ में गिरफ्तार शख्स ने खुद की पहचान नक्सली कमांडर प्रद्युमन शर्मा उर्फ कुंदन उर्फ साकेत उर्फ लुल्ला बताया। प्रद्युमन साल 2003-04 से ही नक्सली संगठन के लिए काम कर रहा था। वह लंबे समय से झारखंड पुलिस और बिहार पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ के लिए सिरदर्द बना हुआ था। ऐसे में प्रद्युमन की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी है जबकि नक्सली संगठन के लिए यह एक बड़ा झटका साबित हुआ है।

गौरतलब है कि नक्सली कमांडर प्रद्युमन गया जिले की सीमा से सटे हजारीबाग, पलामू और चतरा जिलों में पुलिस के लिए परेशानी का सबब बना हुआ था। गिरफ्तार नक्सली पर झारखंड और बिहार में 90 से अधिक केस दर्ज हैं। प्रदुमन शर्मा प्रतिबंधित नक्सल संगठन के मगध जोन का सबसे टॉप कमांडर था। वह स्पेशल एरिया कमेटी और रीजनल ब्यूरो के शीर्ष नेतृत्व के साथ हमेशा संपर्क में रहता था।

हजारीबाग एसपी के अनुसार, मगध जोन, जो नक्सलियों (Naxalites) का मुख्य गढ़ कहे जाने वाले मगध जोन का अस्तित्व अब धीरे-धीरे समाप्त हो जायेगा। क्योंकि संगठन का सबसे बड़ा नेता अब पुलिस की गिरफ्त में है। इससे न सिर्फ नक्सलियों (Naxalites) का मनोबल गिरेगा, बल्कि उनका आर्थिक तंत्र भी कमजोर होगा।

 

Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App

यह भी पढ़ें