
गिरफ्तार महिला नक्सली
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा की पुलिस टीम ने पांच लाख की इनामी महिला नक्सली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली बुरगुम नहाड़ी क्षेत्र मलागिर एरिया कमेटी सदस्य कोसी नुप्पो उर्फ मंगली है। वह अरनपुर थाना के ताड़पारा की रहने वाली है। उस पर आधा दर्जन से ज्यादा गंभीर नक्सली वारदातों में शामिल होने का आरोप है। उसने मलिंगर एरिया कमेटी में रहकर कई नक्सली वारदातों को अंजाम दिया था।
डीआरजी और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अरनपुर थाना क्षेत्र से उसकी गिरफ्तारी हुई। गिरफ्तार महिला नक्सली कई सालों से नक्सली संगठन से जुड़कर निलावाया, पोटाली, नहाड़ी काकड़ी क्षेत्र में काम कर रही थी। वह 13 अप्रैल, 2015 को चोलनार कैंप से किरन्दुल आ रहे पुलिस के वाहन पर बम विस्फोट करने और फायरिंग करने की घटना में शामिल थी। इसमें 5 जवान शहीद हुए थे।
इसने और भी कई बड़ी घटनाओं में माओवादियों का साथ दिया था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला नक्सली पर अलग-अलग थाना में 10 से भी अधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें हत्या, लूट और आगजनी की वारदातें शामिल हैं। इससे पूछताछ में और भी नक्सलियों के नाम का खुलासा हुआ है। जिसमें नक्सलियों द्वारा बनाई गई ग्राम कमेटी के सदस्यों की सूची भी पुलिस ने बना ली है। इन नक्सलियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढें: इनामी नक्सली ने बताया, सुधा भारद्वाज, वरवरा राव, वर्नॉन गोंजाल्विस का नक्सल कनेक्शन!
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App