
Loksabha Election 2019: दशकों से नक्सली हिंसा का दंश झेलने वाली छत्तीसगढ़ की धरती पर आज भी लोकतंत्र बेहद दृढ़ता से खड़ा है। नक्सली हिंसा का गवाह रहा भारत का यह राज्य लोकतंत्र के इस महापर्व को खूब हर्षोल्लास के साथ मनाता आया है। नक्सलियों की लाख कोशिशों के बावजूद यहां के लोगों का भारतीय लोकतंत्र में विश्वास क़ायम है। इनका यही विश्वास नक्सलवाद की हार है।
दो दिन पहले ही नक्सलियों ने दंतेवाड़ा में एक बड़ा हमला कर भाजपा के विधायक भीमा मंडावी समेत 5 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। यह घटना बेहद भयावह थी। नक्सलियों ने चुनाव पूर्व इस घटना को अंजाम देकर चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने की पूरी कोशिश की थी। पर इन हत्यारों के बुलेट का जवाब जनता आज बैलेट के माध्यम से दे रही है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों पर मतदान होने हैं। जिसमें प्रथम चरण में दंतेवाड़ा में मतदान हो रहा है। दंतेवाड़ा के सभी पोलिंग बूथ पर सुबह से ही मतदाता लाइन में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग बड़े जोश और उत्साह के साथ कर रहे हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घरों से बाहर निकलकर पोलिंग बूथ पर इकट्ठा हुए हैं।
युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर इसे सफल बना रहे हैं। दंतेवाड़ा के लोगों का यह जज़्बा हमारे विशाल लोकतंत्र को और महान बनाता है। लोगों का यह उत्साह नक्सलवादियों एवं उनके समर्थकों को करारा जवाब है। जो मतदान बहिष्कार का मुहिम चलाते हैं। उन नक्सलियों की हार है जो हिंसा के माध्यम से लोगों को अपना प्रतिनिधि चुनने से रोकते हैं। यह उन नक्सल संगठनों की हार है जो मतदान से पहले वोट न डालने के पर्चे बंटवाते हैं।
यह भी पढ़ें: Loksabha Election 2019: मतदान से ठीक पहले बीजापुर से 4 नक्सली गिरफ्तार

17वीं लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग जारी है। सात चरणों में होने जा रहे इस आम चुनाव के पहले चरण में 20 राज्यों की 91 सीटों पर गुरुवार को मतदान हो रहा है। आज से ठीक एक महीने 12 दिन बाद ये भी तय हो जाएगा कि देश में किसकी सरकार बनेगी।
इस लोकसभा चुनाव को लेकर लोगों में आज काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह 7 बजे से ही पोलिंग बूथ पर लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। अलग-अलग शहरों से कई तस्वीरें सामने आ रही हैं। जिसमें जवान से लेकर बूढ़े-बुजुर्ग तक वोट डालते हुए नजर आ रहे हैं। इस चुनाव की खास बात ये है कि जितना जोश जवानों में नजर आ रहा है, उतना ही उत्साह बुजुर्गों में भी देखने को मिल रहा है।
जम्मू-कश्मीर में भी लोकतंत्र का जश्न पूरे जोश से मनाया जा रहा है। वहां भी सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं। जम्मू-कश्मीर में भारी संख्या में वोटर मतदान करने के लिए आ रहे हैं। बांदीपोरा इलाके में एक मतदान केंद्र पर एक शख्स तो खुशी से डांस करता हुआ नजर आया। जम्मू-कश्मीर की 6 लोकसभा सीटों में से 2 सीटों बारामूला और जम्मू पर पहले चरण में मतदान हो रहे हैं। आज 1279 प्रत्याशियों के भाग्य पर जनता अपना फैसला सुना रही है।
यह भी पढ़ें: Loksabha Election 2019: पहले चरण के लिए मतदान जारी, पोलिंग बूथ पर लंबी-लंबी कतारें
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App