
लोकतंत्र का महापर्व (Loksabha Election 2019) शुरू हो गया है। पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर मतदान आरंभ हो गया है। पोलिंग बूथ पर सुबह से ही लोग पहुंचने लगे थे। ज्यादातर पोलिंग बूथ पर वोट डालने के लिए लोगों की लाइन लगी हुई है। खास बात ये है कि वोट डालने आए लोगों में महिलाओं की संख्या भी अच्छी खासी है। वहीं, पहली बार मतदान करने वाले युवा भी मतदान केंद्र के बाहर लगी कतारों में मौजूद हैं।
गर्मी का मौसम होने के चलते भी सुबह-सुबह मतदान केंद्रों पर भीड़ जमा है। आमतौर पर लोग दोपहर की गर्मी से बचने के लिए सुबह-सुबह ही अपने मतदान का प्रयोग करना मुनासिब समझते हैं। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों के पास पीने वाले पानी का भी इंतजाम किया गया है। साथ ही वोट देने आए लोगों को किसी तरह की समस्या का सामना ना करना पड़े इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
पहले चरण के लिए हो रहे मतदान में 10 राज्यों की सभीं सीटों पर चुनाव संपन्न हो जाएंगे। चुनाव आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण के मतदान वाली 91 सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया।
चुनाव आयोग ने 17वीं लोकसभा के गठन के लिए 543 सीटों पर सात चरणों में होने वाले चुनाव का कार्यक्रम 10 मार्च को घोषित किया था। 19 मई को सातवें और आखिरी चरण का मतदान होगा, जिसके बाद 23 मई को नतीजे आ जाएंगे।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे मतदान
पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान हो रहे हैं। पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू और कश्मीर, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार और लक्षद्वीप में वोट डाले जा रहे हैं। दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 लोकसभा सीटों पर 18 अप्रैल को मतदान होंगे। जिन राज्यों में दूसरे चरण के मतदान होने हैं वे राज्य असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पुदुचेरी हैं।
वहीं, तीसरे चरण में 14 राज्यों के 115 लोकसभा सीटों पर 23 अप्रैल को चुनाव होंगे। जिसमें असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, गोवा, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दादरा और राष्ट्रीय राजमार्ग, दमन और दीव में मतदान होंगे। चौथे चरण में 9 राज्यों बिहार, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की 71 लोकसभा सीटों के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी।
यह भी पढ़ेंः शादी में शरीक होने के लिए दो दिन बाद जाना था घर, एक दिन पहले ही पहुंच गया पार्थिव शरीर
जबकि, पांचवें चरण के मतदान 6 मई को 7 राज्यों बिहार, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के 51 लोकसभा सीटों पर होने हैं। छठें चरण का चुनाव 7 राज्यों बिहार, हरियाणा, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली की 59 लोकसभा सीटों के लिए 12 मई को और सातवें चरण के मतदान 8 राज्यों बिहार, हिमाचल, झारखंड, मध्य प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश की 59 लोकसभा सीटों पर 19 मई को होंगे।
बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में अधिकतम 7 चरणों में मतदान होंगे। चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ते इंतजाम किए गए हैं। आम चुनाव के साथ-साथ 4 राज्यों आंध्र प्रदेश, अरुणांचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।
पहले चरण में किन राज्यों की कितनी सीटों पर हो रहा है मतदान-
- उत्तर प्रदेश के 80 में से 8 सीटों पर वोटिंग- सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर
- बिहार के कुल 40 में से 4 सीटों पर मतदान-औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई सीट पर मतदान
- उत्तराखंड के सभी 5 सीटों पर चुनाव- हरिद्वार, नैनीताल-उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल
- महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 7 पर- वर्धा, रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंदिया, गढ़चिरौली, चंद्रपुर, यवतमाल,
- पश्चिम बंगाल की 42 सीटों में से 2 पर- कूचबिहार और अलीपुर दुआर
- छत्तीसगढ़ की 11 सीटों में से 1 पर- बस्तर
- जम्मू कश्मीर की 6 सीटों में से 2 पर- बारामूला, जम्मू
- ओडिशा की 21 सीटों में से 4 पर- कालाहांडी, नबरंगपुर, बेरहामपुर, कोरापुट
- असम की 14 सीटों में से 5 पर- तेजपुर, कलियाबोर, जोरहाट, डिब्रूगढ़, लखीमपुर
- त्रिपुरा की 2 सीटों में से 1 पर- त्रिपुरा पश्चिम
- मणिपुर की 2 सीटों में से 1 पर- बाहरी मणिपुर
- आंध्र प्रदेश की सभीं 25 सीटों पर
- तेलंगाना की सभी 17 सीटों पर
- मेघालय की सभी 2 सीटों पर
- अरुणाचल प्रदेश की सभी 2 सीटों पर
- लक्षद्वीप की 1 सीट पर
- अंडमान व निकोबार कुल 1 सीट पर
- सिक्किम की 1 सीट पर
- नगालैंड की 1 सीट पर
- मिजोरम की 1 सीट पर
यह भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़ में लाल आतंक का खूनी इतिहास
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App