
झारखंड के सरायकेला-खरसावां में बड़ा नक्सली हमला, हमले में दो अफसर और तीन जवानों समेत पांच पुलिसकर्मी शहीद।
झारखंड के सरायकेला-खरसावां में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। इस हमले में दो अफसर और तीन जवानों समेत पांच पुलिसकर्मी शहीद हो गए। सरायकेला-खरसावां मुख्यालय से 90 किलोमीटर दूर तिरुलडीह थाना क्षेत्र के कुकड़ू हाट बाजार में 14 जून की शाम लगभग चार बजे नक्सलियों के दस्ते ने दो एएसआइ समेत पांच पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी। पेट्रोलिंग कर रही गाड़ी में 5 पुलिसकर्मी और एक ड्राइवर सहित कुल 6 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छह बाइक से आये 10-12 नक्सलियों ने पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग की। सभी ने मुंह ढंक रखा था। पांचों पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गयी।
पुलिस के जवाबी फायरिंग में कुछ नक्सलियों के भी घायल होने की सूचना है। जबकि पुलिस वाहन का चालक सुखलाल कुदादा मौके से भागने में सफल रहा। सभी पुलिसकर्मी तिरुलडीह थाना में पदस्थापित थे। जवानों की हत्या के बाद नक्सलियों ने उनके चार हथियार भी लूट लिया। इसके बाद वे बुंडू की ओर भाग निकले। गोलीबारी के बाद हाट में भगदड़ मच गई। ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद देखते-देखते पूरा इलाका खाली हो गया। जानकारी के मुताबिक, तकरीबन दो दर्जन से अधिक नक्सली किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आसपास के क्षेत्र में पोजिशन लिए हुए थे।
पुलिस ने घटनास्थल से एक दर्जन से अधिक कारतूस के खोखे बरामद किए। घटनास्थल की गहन पड़ताल की जा रही है। साथ ही नक्सलियों के खिलाफ पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना के पीछे महाराज प्रमाणिक दस्ता के हाथ होने की बात कही जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सड़क की समस्या की शिकायत पर पुलिसकर्मी तिरुलडीह थाना के आदारडीह गांव पहुंचे थे। यहां ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद जवानों ने बाजार से कुछ सामान खरीदे। इसके बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे आदारडीह गांव से निकले। शाम चार बजे तक सभी पुलिसकर्मी बाजार में गश्ती ड्यूटी पर ही थे। इसी दौरान नक्सलियों ने उन पर हमला कर इस घटना को अंजाम दिया।
जिस जगह यह हमला हुआ, वह इलाका झारखंड और पश्चिम बंगाल के बॉर्डर पर स्थित है। नक्सलियों के हमले में बच निकले चालक सुखलाल कुदादा ने देर शाम पुलिस पदाधिकारियों से बताया कि बाजार में नक्सली पहले से ही मौजूद थे। पुलिस टीम जैसे ही बाजार पहुंची नक्सलियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इसके बाद चाकू से हमला कर सभी को घायल कर दिया। इसके बाद नक्सलियों ने गोली मार कर सभी की हत्या कर दी और उनके हथियार लूट कर ले गये। मौका देख वह बच निकला था।
नक्सली हमले में शहीद जवान –
1. एएसआइ मनोधन हांसदा (48)
गांव : डोमनाडीह, पोस्ट : सागराजोर
थाना : पालाजोरी, जिला देवघर
2. एएसआइ गोवर्धन पासवान (47)
जिला- भोजपुर (बिहार)
3. कांस्टेबल युधिष्ठिर मालुवा
गांव : बड़ालागिया, पोस्ट-बड़ालागिया
थाना : मुफ्फसिल, पश्चिम सिंहभूम
4. कांस्टेबल डिबरू पूर्ति (49 )
गांव : जामवेड़ा मेली पांडुसाई,
पोस्ट : खेरिया टांगर, थाना : मंझारी, पश्चिम सिंहभूम
5. कांस्टेबल धनेश्वर महतो (51)
गांव : डिबाडीह, पोस्ट जडीया, थाना सोनाहातु, रांची
यह भी पढ़ें: वीर नागेश्वर महतो के नाम पर रखा गया इस सड़क का नाम, जल्द बनेगी आदम कद प्रतिमा
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App