नीरज सिन्हा
बैठक में नक्सलियों (Naxalites) को उनके घर में ही घेरने या मारने के निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में उस विशेष अभियान पर भी चर्चा हुई है, जिसमें सांप भी मर जाए और लाठी भी ना टूटे की तर्ज पर काम होगा।
रांची: झारखंड में नक्सलियों (Naxalites) के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, फिर भी नक्सली अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए कई जगहों पर विस्फोटक प्लांट किया है। अब तक हमारे कई जवान इन विस्फोटकों की चपेट में आ चुके हैं। नक्सलियों की इन साजिशों का शिकार जंगल जाने वाली ग्रामीण महिलाएं भी हुई हैं।
इन सारी बातों की गंभीरता को समझते हुए झारखंड के डीजीपी ने शुक्रवार देर शाम पुलिस मुख्यालय में सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और पुलिस की अन्य कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की है।
इस बैठक में नक्सलियों को उनके घर में ही घेरने या मारने के निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में उस विशेष अभियान पर भी चर्चा हुई है, जिसमें सांप भी मर जाए और लाठी भी ना टूटे की तर्ज पर काम होगा।
डीजीपी नीरज सिन्हा ने झारखंड के सभी एसपी को निर्देश दिया है कि वह नक्सलियों के विरुद्ध अभियान को इंटेलिजेंस बेस्ट अभियान बनाएं और जवान पूरी एहतियात बरतते हुए अभियान में शामिल हों। उन्होंने ये भी कहा कि इस अभियान में खोजी कुत्त्तों को भी शामिल किया जाए।
बता दें कि चाईबासा के झाझरा इलाके में गुरुवार को नक्सलियों ने कायराना हरकत की थी। यहां हुए आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ के 3 जवान शहीद हो गए थे ।
भारतीय सेना का बड़ा फैसला, रिटायर जवानों और सैनिकों के आश्रितों को मुफ्त लगेगा कोविड का टीका
इस घटना की निंदा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी की थी और कहा था कि जवानों का बलिदान हम व्यर्थ नहीं जाने देंगे।
जानकारों का कहना है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज करने को लेकर डीजीपी और राज्य के सीएम के बीच बातचीत हुई है। इसके बाद ही डीजीपी हरकत में आए हैं और उन्होंने जिलों के एसपी को विशेष निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा झारखंड के कई नक्सल प्रभावित जिलों में नक्सलियों के विरुद्ध अभियान काफी तेज कर दिया गया है। इस समय चाईबासा के जंगली क्षेत्र में नक्सलियों के विरुद्ध पुलिस और सुरक्षाबलों की कई टीमें काम कर रही हैं। भाकपा माओवादियों के कोर कमांडरों को यहीं ढेर करने की रणनीति है। इसके अलावा डीजीपी नीरज सिन्हा झारखंड के सभी नक्सल प्रभावित जिलों के एसपी से अपडेट ले रहे हैं।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App