झारखंड: 18 नक्सलियों पर देशद्रोह का केस चलाने की तैयारी, गिरिडीह के उपायुक्त ने सरकार से मांगी मंजूरी

गिरिडीह के उपायुक्त राहुल सिन्हा ने राज्य सरकार से 18 कुख्यात नक्सलियों के खिलाफ देशद्रोह का मामला चलाने की मांग की है।

Naxalites

सांकेतिक तस्वीर

पहला मामला गिरीडीह के मधुबन थाना क्षेत्र के धावाटांड़ में नक्सली (Naxalites) कांड से संबंधित है, इसमें नक्सलियों ने एक महिला और पुरुष का गला रेतकर उनकी हत्या कर दी थी और शवों को सड़क के किनारे फेंक दिया था।

गिरिडीह: झारखंड में नक्सलियों (Naxalites) पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच गिरिडीह के उपायुक्त राहुल सिन्हा ने राज्य सरकार से 18 कुख्यात नक्सलियों के खिलाफ देशद्रोह का मामला चलाने की मांग की है।

राहुल सिन्हा ने इस बारे में राज्य सरकार को पत्र लिखा है। अगर राज्य सरकार से मंजूरी मिल जाती है, तो जिला प्रशासन इन 18 नक्सलियों के खिलाफ कोर्ट में देशद्रोह का मामला चला सकेगा। ये 18 नक्सली गिरिडीह के मधुबन और पीरटांड़ थाना क्षेत्र में 2 नक्सली कांडों में शामिल रहे हैं।

पहला मामला गिरीडीह के मधुबन थाना क्षेत्र के धावाटांड़ में नक्सली (Naxalites) कांड से संबंधित है, इसमें नक्सलियों ने एक महिला और पुरुष का गला रेतकर उनकी हत्या कर दी थी और शवों को सड़क के किनारे फेंक दिया था। नक्सलियों ने ये हत्या पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर की थी। नक्सलियों ने इस घटना को 24 मई 2018 को अंजाम दिया था और नक्सली परचे भी फेंके थे। मृतकों की पहचान डुमरी थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव निवासी किसुन हेम्ब्रम और सुहासिनी देवी के रूप में हुई थी।

Coronavirus: बीते 24 घंटे में देश में आए 1,34,154 नए केस, दिल्ली में एक्टिव मामले हुए 10 हजार से कम

इस नक्सली वारदात को अंजाम देने में एक करोड़ के इनामी नक्सली पति राम मांझी उर्फ अनल दा, 25 लाख का इनामी नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर, पारसनाथ जोन का कमांडर कृष्णा हांसदा उर्फ कृष्णा मांझी, राम दयाल महतो उर्फ बच्चन दा, रणविजय महतो और प्रशांत मांझी शामिल थे।

वहीं दूसरा मामला पीरटांड़ थाना क्षेत्र की नक्सली घटना से संबंधित है। इसमें कृष्णा हांसदा, प्रशांत मांझी, सुधीर किस्कु, छोटे लाल हांसदा, प्रभा दी उर्फ प्रभा सोरेन, रंजीत टुड्डू, उज्ज्वल गंझू, डेनियल उर्फ दानियाल, इलियास हेम्ब्रम, टेकलाल किस्कु, हितेश उर्फ नन्दलाल और जयराम किस्कु आरोपी हैं।

पुलिस की जांच में इन नक्सलियों के खिलाफ आरोप सही पाए गए और इन्हें देशद्रोह की गतिविधियों में सक्रिय पाया गया। गिरीडीह के उपायुक्त ने पुलिस की ओर से पेश किए गए डॉक्यूमेंट्स के बेस पर राज्य सरकार से इन नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मंजूरी मांगी है।

Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App

यह भी पढ़ें