
बिहार के समस्तीपुर से हार्डकोर नक्सली का साथी गिरफ्तार
बिहार के समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय से पुलिस ने एक कुख्यात नक्सली की पत्नी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से एसटीएफ और जंदाहा पुलिस ने शहर में किराए के मकान में रह रहे एक कुख्यात नक्सली अमरनाथ सहनी की पत्नी किरण देवी और उसके एक नक्सली साथी सुनील सहनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, एसटीएफ ने जंदाहा थाने में दर्ज कांड संख्या 224/18 में तीन मर्डर के मामले में शामिल अमरनाथ सहनी और उसके साथी की गिरफ्तारी को लेकर यहां छापेमारी की थी। इस दौरान दलसिंहसराय से उसकी पत्नी किरण देवी और उसके साथी सुनील सहनी को गिरफ्तार किया गया।
दरअसल, वैशाली जिले में पुलिस और नक्सली के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल नक्सली मो. एजाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जबकि कुख्यात नक्सली राजा और अन्य पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गया था। एजाज की गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को अन्य नक्सलियों के ठिकानों का पता चल पाया। जिसके आधार पर उनकी गिरफ्तारी हुई। गौरतलब है कि 27 दिसंबर, 2018 की रात जंदाहा थाना क्षेत्र के डीह बुचैली में पानी व्यवसायी ऋषिकेश झा की हत्या कर दी गई थी। उसी रात महिसौर गांव के किसान रमेश झा और रंजीत सिंह की भी अगवा कर हत्या कर दी गई थी। इन हत्याओं में कुख्यात नक्सली अमरनाथ सहनी का हाथ था। इसके साथ ही कई दूसरे मामलों में पुलिस कुख्यात नक्सली अमरनाथ सहनी सहित अन्य नक्सलियों की तलाश कर रही थी।
इससे पहले, बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर इलाके से पुलिस ने तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार नक्सली प्रतिबंधित संगठन भाकपा-माओवादी के हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर नवीनगर पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने संयुक्त अभियान चलाकर इन तीनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया। इन तीनों पर पूर्व मध्य रेलवे के सोननगर से डाल्टेनगंज-गढ़वा तक रेलवे लाइन का निर्माण करवा रही कंपनी बिल्डकॉन से लेवी मांगने का आरोप है।
पढ़ें: करगिल के हीरो थे लांस नायक आबिद खान, 17 पाकिस्तानी सैनिकों को किया था ढेर
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App