International Women’s Day 2021: आज है अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस, देशभर में महिलाओं के लिए किए गए हैं ये खास इंतजाम

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day) के मौके पर दिल्ली की कमान दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के महिला पुलिसकर्मियों (Women Police Personnel) को दी जाएगी।

International Women's Day 2021

International Women's Day 2021

भारत में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day 2021) मनाया जा रहा है। आज महिलाओं के लिए खास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तो वहीं सरकारों और विभागों की तरफ से भी महिलाओं को खास तोहफे मिल रहे हैं।

आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day 2021) दिवस है। आइए पहले जानते हैं कि महिला दिवस क्यों मनाया जाता है? दरअसल, साल 1908 में एक महिला मजदूर आंदोलन की वजह से महिला दिवस मनाने की परंपरा की शुरूआत हुई। इस दिन 15 हजार महिलाओं ने नौकरी के घंटे कम करने, बेहतर वेतन और कुछ अन्य अधिकारों की मांग को लेकर न्यूयार्क शहर में प्रदर्शन किया था। एक साल बाद सोशलिस्ट पार्टी ऑफ अमेरिका ने इस दिन को पहला राष्ट्रीय महिला दिवस घोषित किया।

1910 में कोपेनहेगन में कामकाजी महिलाओं का एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हुआ, जिसमें इस दिन को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के तौर पर मनाने का सुझाव दिया गया और धीरे-धीरे यह दिन दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में लोकप्रिय होने लगा। इस दिन को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मान्यता 1975 में मिली, जब संयुक्त राष्ट्र ने इसे एक थीम के साथ मनाने की शुरूआत की।

भारत में भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। आज महिलाओं के लिए खास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तो वहीं सरकारों और विभागों की तरफ से भी खास तोहफे मिल रहे हैं।

1- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day 2021) के मौके पर दिल्ली की कमान दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के महिला पुलिसकर्मियों (Women Police Personnel) को दी जाएगी। दिल्ली पुलिस के PRO चिन्मय बिस्वाल के मुताबिक, दिल्ली पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या करीब 11 हजार है। इसमें महिला अधिकारी और अलग-अलग विभाग में तैनात महिला पुलिसकर्मी हैं। थानों का काम, ट्रैफिक का काम और PCR की कमान महिला पुलिसकर्मियों के हाथ में होंगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला पुलिसकर्मियों को सम्मान देने के लिए दिल्ली पुलिस ने यह पहल की है।

2- वहीं, अतंरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए कोरोना वायरस वैक्सीनेशन के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। यूपी के 75 जनपदों में 3-3 बूथ पर केवल महिलाओं को वैक्सीन दी जाएगी।अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अम‍ित मोहन प्रसाद ने बताया कि जिन महिलाओं की उम्र 60 साल से ज्यादा है और 45 साल से ज्याादा उम्र की बीमार महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा।

3- यमुना एक्सप्रेसवे विकास प्राधिकरण द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day 2021) के अवसर पर महिला थाने के निर्माण के लिए 4 हजार वर्ग मीटर जमीन दी गई है। इस जमीन पर जल्द ही थाने का निर्माण शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही ​महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट भी बनवाए जाएंगे।

4- भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने आदेश जारी कर कहा है कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर केंद्र सरकार द्वारा संरक्षित स्मारकों (Protected Monuments) में विदेशी और भारतीय महिलाओं को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर ताजमहल समेत अन्य स्मारकों में को निःशुल्क प्रवेश देने का निर्णय लिया है। बता दें कि एएसआई के तहत 3,691 स्मारक आते हैं।

Coronavirus: भारत में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1 करोड़ 12 लाख के पार, दिल्ली में आए इतने नए केस

5- अतंरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) पर राजस्थान रोडवेज (Rajasthan Roadways) की बसों में महिलाएं फ्री में सफर कर सकेंगीं। महिलाएं फ्री सफर का लाभ रविवार रात 12 बजे से सोमवार (8 मार्च) रात 11.59 बजे तक उठा सकती हैं। इस बात की जानकारी राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप खाचरियावास ने दी।

6- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तेलंगाना सरकार (Telangana Government) ने सभी महिला कर्मचारियों के लिए छुट्टी का ऐलान किया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (K Chandrashekar Rao) ने एक आदेश जारी किया है, जिसमें आकस्मिक छुट्टी देने का निर्देश दिया गया है।

7- अतंरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women’s Day) को ध्यान में रखते हुए मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (Chhatrapati Shivaji Maharaj Terminus) रेलवे स्टेशन को गुलाबी रौशनी से सजाया गया है। स्टेशन की तस्वीरें रेल मंत्री पीयूष गोयल ने शेयर की हैं।

8- अतंरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर सीएसटी के अलावा देश के कई अन्य स्टेशनों को भी सजाया गया है और महिलाओं के लिए समर्पित किया गया है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का चारबाग रेलवे स्टेशन, पश्चिम बंगाल का आसनसोल स्टेशन, गुजरात का अहमदाबाद व वडोदरा रेलवे स्टेशन, आंध्र प्रदेश का गुंतकल रेलवे स्टेशन, कर्नाटक का हुबली रेलवे स्टेशन, मध्य प्रदेश का मदन महल रेलवे स्टेशन और हरियाणा के अंबाला रेलवे स्टेशन समेत कई अन्य स्टेशनों को खासतौर पर सजाया गया है। महिला दिवस के मौके पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को भी खूबसूरत रौशनी से सजाया गया है।

Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App

यह भी पढ़ें