छत्तीसगढ़ के घोर नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां जवानों ने एक लाख रुपये के इनामी एक नक्सली को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। गिरफ्तार नक्सली का नाम कोसा मरकाम (Naxali Markam) है और यह बुर्कापाल में शहीद 25 जवानों की हत्या में शामिल था। इसका और एक लाख रुपए के इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया गया है।
झारखंड: चाईबासा में सुरक्षाबलों को मिली कामयाबी, PLFI के 2 सक्रिय नक्सली गिरफ्तार
दंतेवाड़ा के पुलिस अधिक्षक अभिषेक पल्लव ने इस गिरफ्तारी के बाद बताया कि कटेकल्याण क्षेत्र के सुरनार और टेटम क्षेत्र में पुलिस और डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के जवान सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान सुरक्षाबलों को देखकर एक शख्स भागने लगा, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी करके उसे धर दबोचा। पूछताछ में पता चला कि ये मोस्ट वांटेड नक्सली कोसा मरकाम (Naxali Markam) है।
गौरतलब है कि गिरफ्तार नक्सली मरकाम (Naxali Markam) पर छत्तीसगढ़ सरकार ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार नक्सली बुर्कापाल की घटना में शामिल था, जिसमें 25 जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा बम प्लांट करने, स्पाइक होल लगाने, रास्ता बाधित करने जैसे कई मामलों में पुलिस को इसकी तलाश थी।
वहीं एक अन्य मामले में ही शनिवार को ही प्रशासन के लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर 14 नक्सलियों ने हथियार छोड़ समाज की मुख्य धारा से जुड़ने के लिए आत्मसमर्पण किया है। इन सभी को पुनर्वास नीति के तहत लाभ दिया जाएगा। इस मौके पर एसपी ने बताया कि जिले में लोन वर्राटू अभियान के तहत अभी तक करीब 454 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर किया है।