Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

छत्तीसगढ़: दंतेवाड़ा के डीआरजी ऑफिस में इनामी महिला नक्सली ने की खुदकुशी, पिछले सप्ताह ही किया था सरेंडर

20 Years old woman naxali commits suicide in DRG office.

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सरेंडर कर चुकी एक 20 वर्षीय महिला नक्सली (Woman Naxali) ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जिले के पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुख्यालय में स्थित डीआरजी ऑफिस के महिला आराम गृह में सरेंडर कर चुकी महिला नक्सली पाण्डे कवासी ने फांसी लगाकर जान दे दी।

छत्तीसगढ़: बीजापुर में जनताना सरकार अध्यक्ष समेत 3 नक्सली गिरफ्तार, कई वारदातों में रहे हैं शामिल

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में चल रहे लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान से प्रभावित होकर पिछले सप्ताह 19 फरवरी को पांच लाख रूपए की इनामी महिला नक्सली (Woman Naxali) जोगी कवासी और महिला नक्सली पाण्डे कवासी ने 4 अन्य नक्सलियों के साथ ही सरेंडर किया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सरेंडर करने के बाद से पाण्डे कवासी डीआरजी ऑफिस के महिला आराम गृह में अन्य महिला नक्सली (Woman Naxali) जोगी कवासी के साथ ही रह रही थी। इस दौरान दो महिला पुलिसकर्मी सुरक्षा के लिए भी तैनात थीं, लेकिन उन्हें इस घटना की भनक भी नहीं लग सकी।

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर बाद पाण्डे कवासी नहाने चली गई। इसकी जानकारी उसने जोगी कवासी और अन्य दो महिला पुलिसकर्मियों को दी थी। लेकिन जब करीब 20 मिनट बाद भी पाण्डे कवासी बाथरूम से बाहर नहीं निकली तब जोगी कवासी और अन्य दो महिला पुलिसकर्मियों ने दरवाजे को धक्का देकर खोला तो उनके होश ही उड़ गये। बाथरूम के अंदर ही पाण्डे कवासी खिड़की के सहारे  अपने दुप्पट्टे से फांसी लगा कर खुदकुशी कर चुकी थी। 

अधिकारियों ने कहा कि इस घटना की जानकारी मिलने के बाद डॉक्टर भी महिला आराम गृह पहुंचे, जहां उन्होंने चेकअप के बाद महिला नक्सली (Woman Naxali) पाण्डे को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। इस बीच मृतका के परिजन को भी घटना की सूचना दे दी गई है।