Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

तय हो गई थी शादी की तारीख, सेहरा पहनने से पहले ही चंदन ने दे दी कुर्बानी

शहीद चंदन कुमार (फाइल फोटो)

भारत-चीन सीमा पर हुई हंसक झड़प में बिहार के जवान चंदन कुमार शहीद हो गए। शहीद चंदन कुमार (Martyr Chandan Kumar) बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर प्रखंड की कौरा पंचायत के ज्ञानपुरा गांव के रहने वाले थे। उनके पिता का नाम हृदयानंद सिंह और मां का नाम धर्मा देवी है। इनके पिता हृदयानंद सिंह होमगार्ड के जवान है। चंदन माता-पिता के वे सबसे छोटे बेटे थे।

चंदन कुमार (Martyr Chandan Kumar) जुलाई, 2017 में बिहार रेजिमेंट के 16वीं कंपनी में भर्ती हुए। शहीद होने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। शहीद जवान चार भाइयों और चार बहनों में सबसे छोटे थे। वे सबके लाडले थे। उनके सभी भाई सेना में हैं। इनकी चार बहनों ऊषा देवी, सरस्वती देवी, सुमित्रा देवी, जूली देवी हैं। सभी बहनें की शादी हो चुकी है।

भारत में हर दिन सामने आ रहे रिकॉर्ड मामले; कोरोना संक्रमितों की संख्या हुई 3 लाख 80 हजार के पार, 12573 मौतें

शहीद चंदन कुमार (Martyr Chandan Kumar) की शादी एक मई को होनेवाली थी। जगदीशपुर प्रखंड के सुल्तानपुर गांव में राजमहल सिंह की बेटी के साथ शादी तय हुई थी। तिलक 29 अप्रैल और शादी की तारीख एक मई तय थी। लेकिन कोरोना की वजह से देश भर में लॉकडाउन के चलते शादी की तारीख को आगे बढ़ा दी गई थी।

चंदन कुमार नवंबर, 2019 में एक महीने की छुट्टी पर अपने गांव आए थे और 20 दिसंबर को वापस ड्यूटी पर लौट गए थे। चंदन कुमार के शहीद होने की सूचना 17 जून को दोपहर करीब 12 बजे उनके बड़े भाई देव कुमार को दी गई। देव कुमार गंगानगर में आर्मी के इएमइ में कार्यरत हैं।

देव ने पिता को चंदन के शहीद होने की खबर दी। जवान के शहादत की खबर सुनते ही घर में कोहराम मच गया। चंदन कुमार के शहीद होने की खबर सुनते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों मे शोक की लहर दौड़ गई। चंदन कुमार (Martyr Chandan Kumar) की मां धर्मा देवी का रो रोकर बुरा हाल है। वे अपने लाल की शादी के सपने देख रही थीं। उन्हें क्या पता था कि उससे पहले ही यह मनहूस खबर आ जाएगी।