Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

Jharkhand: 2 लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार, 20 सालों से फैला रही थी दहशत

गिरिडीह से गिरफ्तार महिला नक्सली कमांडर।

झारखंड के गिरिडीह पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने यहां एक खूंखार महिला नक्सली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला नक्सली भाकपा माओवादी संगठन की एरिया कमांडर (है। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने इस बात की जानकारी दी। एसपी के मुताबिक, पुलिस को भाकपा माओवादी संगठन की एरिया कमांडर सुनीता उर्फ कौशल्या रमा खुखरा थाना के गमहरा गांव के जंगली इलाकों में मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। यह भी पता चला था कि नक्सलियों के साथ एक बैठक कर वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इसकी सूचना मिलते ही सीआरपीएफ और जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित कर विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इस सर्च अभियान के दौरान गमहरा के जंगलों में पहुंचने पर एक संदिग्ध महिला दिखी। पुलिस टीम को आता देख वह भागने की कोशिश करने लगी। लेकिन, सर्च टीम की महिला सुरक्षाकर्मियों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया। पकड़ी गई महिला से पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम सुनीता उर्फ कौशल्या बताया। वह बोकारो जिले के चेतेकरना थाना के चतरो चट्टी की रहने वाली है। पूछताछ में उसने बताया कि वह भाकपा माओवादी के नक्सली संगठन में एरिया कमांडर के पद पर है और आरसीएम संतोष महतो उर्फ संजय महतो की पत्नी है।