Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

झारखंड: लोहरदगा में PLFI नक्सली पुलिस के हत्थे चढ़े, लगातार कर रहे थे दहशत फैलाने की कोशिश

झारखंड के लोहरदगा में पीएलएफआइ (PLFI) के दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इन नक्सलियों ने सेन्हा थाना क्षेत्र में नहर निर्माण में फायरिंग और एक ट्रैक्टर में अगलगी की घटना को अंजाम दिया था। इनके द्वारा लगातार नक्सली घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही थी।

गिरफ्तार PLFI नक्सली।

झारखंड के लोहरदगा में पीएलएफआइ (PLFI) के दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इन नक्सलियों ने सेन्हा थाना क्षेत्र में नहर निर्माण में फायरिंग और एक ट्रैक्टर में अगलगी की घटना को अंजाम दिया था। इनके द्वारा लगातार नक्सली घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही थी। एसपी प्रियदर्शी आलोक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान दोनों नक्सलियों को सेन्हा थाना क्षेत्र के अर्रू चौक के समीप फ्रेंच सैलुन से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी क्रम में दोनों को पुलिस ने खदेड़ कर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार पीएलएफआइ (PLFI) नक्सलियों में सेन्हा थाना क्षेत्र के जोगना मोड़ का रहने वाला राजकुमार ठाकुर और तोड़ार मैना टोली निवासी अमर ठाकुर शामिल है। इनके पास से पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और एक जला हुए मोबाइल का बैक कवर भी बरामद किया। नक्सलियों की गिरफ्तारी तकनीकी सेल की सहायता से हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछ-ताछ में दोनों नक्सलियों ने सेन्हा थाना क्षेत्र में घटित घटनाओं को में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इन्होंने अपने साथियों के नाम भी बताए हैं। इनके अन्य साथियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार नक्सलियों को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत करते हुए एसपी प्रियदर्शी आलोक ने बताया कि 21 दिसंबर, 2019 को पीएलएफआई (PLFI) नक्सलियों ने सेन्हा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन फुलझर नहर निर्माण कार्य में फायरिंग करते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की थी। इसके साथ ही नक्सलियों ने पर्चा छोड़कर निर्माण कार्य एजेंसी को काम बंद करने को कहा था। इसके बाद पीएलएफआई (PLFI) के नक्सलियों ने बीते 25 दिसंबर, 2019 को तोड़ार मैना टोली गांव में किसान दिपेश्वर भगत से पांच लाख रूपए की लेवी की मांग भी की थी। लेवी नहीं देने पर उनके ट्रैक्टर में आग लगा दी गई थी। दोनों ही मामलों को लेकर सेन्हा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने छानबीन के बाद जाल बिछाते हुए दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। इन नक्सलियों के साथियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।

पढ़ें: पुलवामा में मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को किया ढेर