Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

झारखंड: लोहरदगा से हार्डकोर PLFI नक्सली धराया, असलहा और विस्फोटक बरामद

झारखंड के लोहरदगा जिले की कुडू थाना पुलिस ने 22 दिसंबर को पीएलएफआइ (PLFI) के हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नक्सली की पहचान बंधन सिंह के रूप में हुई है। वह लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के बेतर नवाटांड का रहने वाला है। उसे कुडू थाना क्षेत्र के कोकर पतराटोली जंगल के पास से एक देसी बंदूक और बम बनाने के सामान के साथ गिरफ्तार किया गया।

लोहरदगा से गिरफ्तार PLFI नक्सली।

पुलिस निरीक्षक चंद्रमोहन हांसदा ने यह जानकारी दी। बंधन दूसरे पीएलएफआइ (PLFI) उग्रवादी कृष्णा गोप से मिलकर वापस लौट रहा था। जब पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो वह भागते हुए फायरिंग करने लगा। बावजूद इसके कुडू पुलिस ने काफी दूर तक खदेड़ कर बंधन सिंह को धर दबोचा। गिरफ्तार नक्सली के पास से एक देसी बंदूक, 13 पीस डेटोनेटर, बारूद पाउडर, स्पि्लनकर वायर, नक्सली वर्दी भी मिला है। उसे कृष्णा गोप उर्फ सुल्तान का दाहिना हाथ बताया जाता है।

गिरफ्तार नक्सली पीएलएफआइ (PLFI) के लिए लेवी वसूलने सहित लूट और अन्य घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार नक्सली पर हत्या का भी आरोप है। जानकारी के मुताबिक, एसपी ने कुडू थाना प्रभारी हरिऔध करमाली के नेतृत्व में टीम गठित कर नक्सली की गिरफ्तारी का निर्देश दिया था। जिसके बाद पुलिस की टीम ने कोकर पतराटोली जंगल के पास से नक्सली बंधन सिंह को धर दबोचा।

वह कुडू थाना क्षेत्र के मकांदु गांव में संचालित बालाजी स्टोन ट्रेडिग के क्रेशर प्लांट में कर्मचारी और मजदूरों के साथ मारपीट और लूट की घटना में भी शामिल था। बंधन सिंह के अलावा इस घटना में चंदवा थाना क्षेत्र के बलसोकरा कुम्हार टोली निवासी राहुल महली, सुरेश महतो, सिदवार टोली निवासी राजकुमार उरांव और चंदवा थाना क्षेत्र के मडमा उचरंगा टोली निवासी शर्मा मुंडा भी शामिल थे। इन सभी को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पढ़ें: निशाने पर थी पुलिस पर गई बच्ची की जान, नक्सलियों ने बिछाई बारुदी सुरंग