Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

छत्तीसगढ़: पुलिस की टीम पर हमला करले वाले 4 नक्सली सुकमा से गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस ने चार नक्सलियों (Naxals) को गिरफ्तार किया। जिले के धुर नक्सल ग्रस्त चिंतलनार थाना क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने इन्हें गिरफ्तार करने में सफलता पाई। गिरफ्तार नक्सलियों के नाम मड़कम कोसा, मड़कम जोगा, माड़वी जोगा और बारसे देवा बताया जा रहा है।

सांकेतिक तस्वीर।

गिरफ्तार किए गए चारों नक्सलियों (Naxals) पर पुलिस की टीम पर हमला करने का आरोप है। इसके अलावा गांव वालों में नक्सलवाद का खौफ फैलाने का भी आरोप इन नक्सलियों पर है। सुकमा के एसपी शलभ सिन्हा के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी नक्सलियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। चारों गिरफ्तार नक्सलियों (Naxals) पर सुकमा और आस-पास के इलाकों में पुलिस पार्टी पर हमला करने और वाहनों में आगजनी करने सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से इनकी तलाश थी। बता दें कि राज्य में नक्सलियों (Naxals)की नकेल कसने के लिए प्रशासन और सुरक्षाबल मुस्तैदी से लगे हुए हैं।

इससे पहले, नक्सल प्रभावित कोंडागांव जिले के मर्दापाल इलाके में पुलिस ने सर्चिंग के दौरान एक इनामी नक्सली (Naxali) को गिरफ्तार करने में सफलता पाई थी। बताया जा रहा है कि यह नक्सली आधा दर्जन से अधिक संगीन मामलों का आरोपी है। मिली जानकारी के मुताबिक मर्दापाल थानाक्षेत्र से गश्त सर्चिंग के लिए जिला बल और डीआरजी (DRG) के जवानों की एक टीम बेड़मा, कोटमेटा, तुमड़ीवाल के इलाकों में रवाना हुई थी। सर्चिंग के दौरान जवानों ने कोटमेटा के जंगलों में एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। उससे पूछताछ में पता चला कि वह नक्सली संगठन का सदस्य है। उसने 2012 से नक्सली संगठन में शामिल होने की बात स्वीकार की।

पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वर्तमान में वह आमदई एलजीएस सदस्य के रूप में नक्सली संगठन में कार्य कर रहा है। पुलिस के मुताबिक, इस नक्सली पर पुलिस को नुकसान पहुंचाने और हथियार लूटने की मंशा से पुलिस जवानों पर हमला करने सहित करीब आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। हत्या की घटनाओं में भी यह नक्सली शामिल रहा है। इस नक्सली पर प्रशासन की ओर से 1 लाख रूपए का इनाम घोषित था।