Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

छत्तीसगढ़: सुकमा और बीजापुर में अलग-अलग जगहों से चार नक्सली गिरफ्तार

सुकमा और बीजापुर के अलग-अलग स्थानों से चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से दो बीजापुर और दो सुकमा जिले में सक्रिय नक्सली थे।

छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर पुलिस को नक्सल हिंसा के खिलाफ एक और सफलता मिली। सुकमा और बीजापुर के अलग-अलग स्थानों से चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से दो बीजापुर और दो सुकमा जिले में सक्रिय नक्सली थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए नक्सली कई संगीन वारदातों में शामिल थे। हत्या, लूट और आगजनी जैसे अपराधों में पुलिस को इन आरोपी नक्सलियों की तलाश थी। सुकमा पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दो लाख रुपये का एक और एक लाख रुपये का एक इनामी नक्सली ​गिरफ्तार किया गया।

सुकमा के किस्टाराम थाना क्षेत्र से इन आरोपी नक्सलियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली। सीआरपीएफ के कोबरा 208 बटालियन और जिला बल की संयुक्त करवाई में इन्हें गिरफ्तार किया गया। इसमें एक महिला नक्सली कोमराम धरमे भी शामिल है। इन दोनों पर ग्रामीणों की हत्या और अपहरण करने जैसे आरोप हैं। पुलिस को काफी समय से इनकी तलाश थी। दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

वहीं, बीजापुर ​पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जिला बल और बस्तरिया बटालियन के जवानों ने एरिया डोमिनेशन के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नक्सलियों के नाम डोडी आयतु और उईका लखमू बताया जा रहा है। जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के कोरसागुड़ा के जंगलों से दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। इन दोनों से पुलिस ने सघन पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। इससे पहले, राज्य से 27 अगस्त को आठ लाख की इनामी सहित 6 नक्सलियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़ें: छटपटा कर रह जाएगा पाकिस्तान, भारत ने की है ऐसी घेराबंदी

गोलियां और ग्रेनेड के छर्रे लगने के बाद भी डटा रहा यह दिलेर, मार गिराए थे जैश के तीन आतंकी