Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

छत्तीसगढ़: बड़ी वारदात की साजिश रच रहे थे नक्सली, पुलिस ने 5 को धर दबोचा

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में मीटिंग करते हुए नक्सली गिरफ्तार

नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में डीआरजी जवानों ने हमले की योजना बना रहे नक्सलियों को धर दबोचा है। 19 जुलाई की सुबह नक्सली मीटिंग कर रहे थे। तभी वहां पहुंच कर जवानों ने पांच नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मीटिंग के दौरान नक्सली कोई बड़ी प्लानिंग कर रहे थे। हालांकि इस दौरान कई नक्सली भागने में सफल रहे। पकड़े गए नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है। दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव ने मामले की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, डीआरजी के जवान 19 जुलाई को किरंदुल क्षेत्र में सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान उन्हें नक्सलियों की मीटिंग के बारे में पता चला। इसके बाद जवानों ने हिरोली के जंगल में छापा मारा।

वहां बड़ी संख्या में नक्सली मीटिंग कर रहे थे। वे किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे थे। जवानों को अचानक देख नक्सली घबरा गए और भागने लगे। इस दौरान जवानों ने पांच नक्सलियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए नक्सली प्रतिबंधित संगठन जनमिलिशिया के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने नक्सलियों को गिरफ्तार करने के साथ ही गांव में बनाए गए नक्सली नेताओं के स्मारकों को भी ध्वस्त कर दिया। नक्सलियों ने अपने नेताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए ये स्मारक नक्सली लीडर लिंगा और वर्गीस की याद में बनाया था।

फिलहाल पकड़े गए नक्सलियों से पूछताछ की जा रही। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। इससे पहले राज्य के सुकमा जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली थी। पुलिस ने एक हार्डकोर वांटेड नक्सली को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार नक्सली कई संगीन वारदातों में शामिल रहा है। यह एक स्थायी वारंटी नक्सली भी है। ग्रामीणों से लूटपाट करने, पुलिस पर हमला करने जैसे मामलों में काफी समय से इसकी तलाश थी। गिरफ्तार नक्सली का नाम कवासी बुधरा है।

पढ़ें: नक्सल प्रभावित इलाकों के युवाओं को मिला तोहफा, कौशल विकास योजना का हुआ विस्तार