Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

झारखंड: रांची में पुलिस के हत्थे चढ़ा इनामी नक्सली

झारखंड पुलिस ने एक लाख रुपये के एक इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया है।

नक्सलियों के खिलाफ अभियान तेज है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से लगा हुआ है। इसी क्रम में झारखंड पुलिस ने एक लाख रुपये के एक इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया है। पलामू की पुलिस ने उसे राजधानी रांची के नामकुम से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए नक्सली का नाम प्रशांत ठाकुर बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पलामू की पुलिस ने प्रशांत ठाकुर को नामकुम थाना क्षेत्र स्थित अमेठिया से गिरफ्तार किया। यह इनामी नक्सली लंबे समय से शहरी क्षेत्र में छिपकर रह रहा था। लेकिन, रांची पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पलामू के डीआइजी विपुल शुक्ला की स्पेशल टीम ने आखिरकार इस नक्सली को धर दबोचा।

प्रशांत ठाकुर गढ़वा जिला के रंका थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव का रहने वाला है। इससे पहले झारखंड के गुमला में पुलिस ने नक्सलियों के एरिया कमांडर शनि मुंडा उर्फ सुदरु मुंडा उर्फ सुदर्शन सरीन को धर दबोचा था। सुदर्शन सुरीन पीएलएफआइ का एरिया कमांडर था और गुमला, बसिया, और कामडारा थाना के पांच मामलों में नामजद अभियुक्त है। पुलिस ने उसके सिर पर 2 लाख रुपए का इनाम रखा था।गौरतलब है कि गृहमंत्री अमित शान ने 26 अगस्त को नक्सल समस्या से ग्रसित 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की थी और स्थिति का जायजा लिया था। यह मीटिंग दिल्ली के विज्ञान भवन में हुई।

बैठक में उन्होंने नक्सल समस्या से निपटने के नए तरीकों पर भी चर्चा की थी। इस दौरान उन्होंने अभियान में तेजी लाने वाले और नक्सल समस्या को जड़ से खत्म करने वाले प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (बिहार), नवीन पटनायक (ओडिशा), योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश), कमलनाथ (मध्य प्रदेश), रघुबर दास (झारखंड) वाई एस जगनमोहन रेड्डी (आंध्र प्रदेश) और भूपेश बघेल (छत्तीसगढ़) ने हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, निर्मला सीतारमण, रविशंकर प्रसाद, नरेंद्र सिंह तोमर, अर्जुन मुंडा और महेंद्र नाथ पांडेय भी बाद में बैठक में शामिल हुए और मुख्यमंत्रियों के साथ सड़क, दूरसंचार, कृषि और अन्य मुद्दों पर चर्चा की।

पढ़ें: सीमा पर भारतीय सेना ने मारे 2 पाकिस्तान कमांडो, BAT की बड़ी साजिश नाकाम