Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

झारखंड: लोहरदगा से हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, हो सकते हैं कई अहम खुलासे

झारखंड के लोहरदगा जिले से एक नक्सली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

झारखंड के लोहरदगा जिले से एक नक्सली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली भाकपा माओवादी का सदस्य है। वह रवींद्र गंझू दस्ता का सदस्य है। गिरफ्तार नक्सली का नाम फूलेश्वर गंझू है। बताया जाता है कि 30 नवंबर को पेशरार में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में वह शामिल था। उस मुठभेड़ के बाद से ही फूलेश्वर गंझू फरार चल रहा था। आखिरकार पुलिस ने उसे धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, फूलेश्वर गंझू की गिरफ्तारी से कई और नक्सलियों के बारे में जानकारी मिल सकती है। उससे कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद की जा रही है।

इससे पहले राज्य के चतरा जिले से पुलिस ने एक कुख्यात नक्सली को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार नक्सली के पास से पुलिस ने कार्बाइन, पिस्टल, गोली सहित अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया। जिले के सिमिरिया थाना क्षेत्र के बोंगादाग गांव के रहले वाले नक्सली नारायण गंझू को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने धर दबोचा। गिरफ्तार नक्सली नारायण गंझू टीपीसी का उग्रवादी है। एसडीपीओ सौरभ कुमार के मुताबिक, पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ अपराधी बोंगादांग में किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। जानकारी के आधार पर नक्सलियों को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई। इस टीम ने बोंगादांग के जंगलों में छापेमारी शुरू की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते नजर आए। पुलिस को देखते ही तीनों भागने का प्रयास करने लगे। लेकिन इनमें से एक नक्सली नारायण गंझू को पुलिस ने दबोच लिया। अन्य दो नक्सली घने जंगल का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे। गिरफ्तार नक्सली के पास से एक देशी कार्बाइन, एक पिस्टल और 9 गोलियों के अलावा उनकी मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि नारायण गंझू ने अपना एक गिरोह बना रखा था और लोगों को धमकी देकर लेवी वसूलने का काम किया करता था। गिरफ्तार नक्सली को जेल भेज दिया गया है। भागे हुए नक्सलियों की धर-पकड़ के लिए पुलिस का अभियान जारी है।

पढ़ें: इन खूंखार नक्सलियों की इनामी राशि हुई एक करोड़ रुपए, कुल इनामी हुए 203