Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

झारखंड: इन खूंखार नक्सलियों की इनामी राशि हुई एक करोड़ रुपए, कुल इनामी हुए 203

झारखंड के 16 नए नक्सलियों पर सरकार ने इनाम की घोषणा कर दी है।

झारखंड के चार इनामी नक्सलियों की इनाम की राशि बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री ने इस बात की मंजूरी दे दी है। भाकपा माओवादियों के स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर और अनल उर्फ तूफान उर्फ पतिराम मांझी उर्फ पतिराम मरांडी उर्फ रमेश अब सेंट्रल कमेटी सदस्य बन गए हैं। इन पर सरकार ने एक-एक करोड़ का इनाम रखा है। असीम मंडल पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के चंद्रकोणा थाना क्षेत्र के उत्तर फुलचक का रहने वाला है। वहीं, अनल गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के झरहाबाले का है। उल्लेखनीय है कि सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल के तिरुलडीह थाना क्षेत्र स्थित कुकड़ू हाट में हुई 5 पुलिसकर्मियों की सरेआम हत्या की साजिश में भी अनल शामिल था।

साथ ही दो अन्य नक्सलियों पर भी घोषित इनाम की राशि बढ़ा दी गई है। इनमें 15 लाख के इनामी रीजनल कमेटी सदस्य मोछू उर्फ मेहनत उर्फ विभीषण उर्फ कुंबा मुर्मू अब स्पेशल एरिया कमेटी (सैक) सदस्य बन गया है। जिस पर सरकार ने इनाम की राशि बढ़ा कर 25 लाख रुपये कर दिया है। वहीं, 10 लाख का इनामी भाकपा माओवादियों के जोनल कमेटी का सदस्य अमित मुंडा उर्फ सुखलाल मुंडा उर्फ चुक्का मुंडा अब रीजनल कमेटी का सदस्य बन गया है। सरकार ने इसकी इनाम की राशि को बढ़ा कर 15 लाख रुपये कर दिया है। मोछू धनबाद के बरवाअडडा स्थित घोड़ाबंधा का रहने वाला है। जबकि, अमित मुंडा रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र के तमराना का रहने वाला है।

पढ़ें: शहीद औरंगजेब के दो भाई सेना में शामिल, आतंकवाद के खिलाफ जंग को जारी रखेंगे दोनों

उधर, राज्य के 16 नए नक्सलियों पर सरकार ने इनाम की घोषणा कर दी है। पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने मुहर भी लगा दिया है। इसके बाद गृह विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। गौरतलब है कि राज्य में पहले से 187 नक्सलियों पर इनाम घोषित है। अब 16 नए नक्सलियों पर इनाम घोषित हो जाने से झारखंड पुलिस के इनामी नक्सलियों की संख्या 203 हो गई है।

ये हैं राज्य के 16 नए इनामी नक्सली-

भाकपा माओवादी नक्सली

– उमेश यादव उर्फ विमल यादव उर्फ राधेश्याम यादव, जहानाबाद (भाकपा माओवादी का स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य) – 25 लाख

– कुंदन खेरवार, मनिका, लातेहार (सब जोनल कमांडर) – 5 लाख

– मनीष यादव उर्फ मनीष जी , चकरबंधा, गया, बिहार (सब जोनल कमांडर) – 5 लाख

– श्याम सिंकू उर्फ चमाई पिंगुआ, चाईबासा – 1 लाख

– कजेश गंझू, चंदवा, लातेहार – 2 लाख

– प्रकाश महतो उर्फ अतुल उर्फ पिंटू महतो, गोमिया – 1 लाख

– सुखलाल बिरजिया उर्फ अकेला, गारू, लातेहार – 1 लाख

– दिनेश नगेशिया उर्फ दिनेश्वर नगेशिया, बगड़ू, लोहरदगा – 1 लाख

– अमृत उर्फ अमृत जी उर्फ महरंग जी उर्फ संतु सिंह, हेरहंज, लातेहार – 1 लाख

– माधव उर्फ माधव भ्रत, चैनपुर, गुमला – 1 लाख

– ब्रजेश मांझी उर्फ बेगुला, गोमिया – 1 लाख

– बिरसा मांझी, बोकारो- 1 लाख

– पिंटू महतो उर्फ पिंटू मांझी, झुमरा पहाड़, बोकारो – 1 लाख

पीएलएफआई नक्सली

– ओझा पाहन, कामडारा, गुमला – 1 लाख

– बातो तोपनो, कामडारा, गुमला – 1 लाख

जेजेएमपी नक्सली

– गणेश लोहरा, पांकी, पलामू – 1 लाख