Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

गया से गिरफ्त में आया खूंखार नक्सली, कई वारदातों में था शामिल

बिहार में नक्सली गिरफ्तार

बिहार के गया जिले से पुलिस ने एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, 3 जुलाई को देर रात एसएसबी 29वीं वाहिनी और कोच पुलिस ने जिले के दौलतपुर गांव में छापेमारी कर लेवी वसूली के मामले में हार्डकोर नक्सली कइल यादव उर्फ प्रमोद यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे 4 जुलाई को टिकारी पुलिस को सौंप दिया गया। आरोपी के विरुद्ध टिकारी थाना में कांड संख्या 63/18 दर्ज है। उस पर लेवी लेने के साथ ही अन्य नक्सली गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप है। वह काफी समय से फरार चल रहा था।

सहायक कमांडेंट सुमन सौरभ के मुताबिक, आरोपी ने कई नक्सली कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार भी की है। इससे पहले प्रदेश के लखीसराय से भी पुलिस ने एक हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार नक्सली का नाम कैलू कोड़ा है। वह जिले के महजौनमा इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने 3 जुलाई को ही इस नक्सली को कछुआ जंगल से गिरफ्तार किया। एएसपी अभियान पवन कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में चानन, कजरा एवं पीरी बाजार थाना क्षेत्र के जंगली इलाके में नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया गया था।

जिसके दौरान यह नक्सली पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस को गिरफ्तार नक्सली की काफी समय से तलाश थी। कजरा थाना में उसके खिलाफ मामला दर्ज था। जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर पंचायत के उप मुखिया रहे कछुआ निवासी वीरेन्द्र कोड़ा की हत्या में इस नक्सली का हाथ था। इसके अलावा कैलू कोड़ा का संबंध नक्सली नेता अर्जुन कोड़ा एवं बालेश्वर कोड़ा के साथ भी था। गिरफ्तार नक्सली से पुलिस पूछताछ कर रही है। गिरफ्तारी की पुष्टि एएसपी अभियान पवन कुमार उपाध्याय ने की है।

यह भी पढ़ें: देश की पहली महिला वित्त मंत्री के बजट में महिलाओं के लिए क्या है खास?

बदल गई दशकों पुरानी परंपरा, अब बजट नहीं संसद में पेश होगा ‘बही खाता’