Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

लोकतंत्र के महापर्व का होने वाला है आगाज, सुबह 7 बजे से पहले चरण के लिए वोटिंग

लोकतंत्र का महापर्व (Loksabha Election 2019) बस शुरू होने ही वाला है। 17वीं लोकसभा के गठन के लिए देश के 29 राज्यों और 7 केंद्र-शासित प्रदेशों की कुल 543 लोकसभा सीटों पर चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देशभर में 2019 के आम चुनाव 7 चरणों में कराए जाएंगे। जिसमें 11 अप्रैल से 19 मई 2019 के बीच मतदान होंगे। चुनाव के परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे।

पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर मतदान होंगे। इनमें 10 राज्यों की सभीं सीटों पर चुनाव पहले चरण में ही संपन्न करा दिए जाएंगे। चुनाव आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण के मतदान वाली 91 सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो जाएंगे। पहले चरण में मतदान वाली सीटों पर चुनाव प्रचार 9 अप्रैल की शाम को ही खत्म हो गया था।

चुनाव आचार संहिता के मुताबिक, मतदान शुरू होने से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार अभियान थमने के बाद सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अलावा जनसभा या किसी भी अन्य माध्यम से प्रचार प्रतिबंधित होगा। चुनाव आयोग ने 17वीं लोकसभा के गठन के लिए 543 सीटों पर सात चरणों में होने वाले चुनाव का कार्यक्रम 10 मार्च को घोषित किया था।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे मतदान

पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होने हैं। पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू और कश्मीर, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, ओडिशा, सिक्किम, तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार और लक्षद्वीप में चुनाव होंगे। दूसरे चरण में 13 राज्यों की 97 लोकसभा सीटों पर 18 अप्रैल को मतदान होंगे। जिन राज्यों में दूसरे चरण के मतदान होने हैं वे राज्य असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पुदुचेरी हैं।

वहीं, तीसरे चरण में 14 राज्यों के 115 लोकसभा सीटों पर 23 अप्रैल को चुनाव होंगे। जिसमें असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, गोवा, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव में मतदान होंगे। चौथे चरण में 9 राज्यों बिहार, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की 71 लोकसभा सीटों के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी।

यह भी पढ़ेंः शादी में शरीक होने के लिए दो दिन बाद जाना था घर, एक दिन पहले ही पहुंच गया पार्थिव शरीर

जबकि, पांचवें चरण के मतदान 6 मई को 7 राज्यों बिहार, जम्मू और कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के 51 लोकसभा सीटों पर होने हैं। छठें चरण का चुनाव 7 राज्यों बिहार, हरियाणा, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली की 59 लोकसभा सीटों के लिए 12 मई को और सातवें चरण के मतदान 8 राज्यों बिहार, हिमाचल, झारखंड, मध्य प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश की 59 लोकसभा सीटों पर 19 मई को होंगे।

बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में अधिकतम 7 चरणों में मतदान होंगे। चुनावों के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ते इंतजाम किए गए हैं। आम चुनाव के साथ-साथ 4 राज्यों आंध्र प्रदेश, अरुणांचल प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।

पहले चरण में किन राज्यों की कितनी सीटों पर होगा मतदान

यह भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़ में लाल आतंक का खूनी इतिहास