Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

गुजरात के नये मुख्यमंत्री होंगे भूपेंद्र पटेल, आज होगा शपथग्रहण

भारतीय जनता पार्टी के विधायक भूपेंद्र पटेल (Bhupendra Patel) गुजरात के नये मुख्यमंत्री होंगे। 55 वर्षीय पटेल को सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी (Vijay Rupani) ने पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा था, उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की घोषणा की थी।

जम्मू कश्मीर: आतंकी मुठभेड़ में घायल हुए मेजर मयंक विश्नोई शहीद, आतंकियों ने सिर में मारी थी गोली

बीजेपी सूत्रों के अनुसार, 182 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के 112 विधायकों में से अधिकतर बैठक में उपस्थित थे। पटेल (Bhupendra Patel) 2017 के विधानसभा चुनाव में राज्य की घाटलोडिया सीट से चुनाव जीते थे। उन्होंने कांग्रेस के शशिकांत पटेल को एक लाख से अधिक वोटों से हराया था, जो उस चुनाव में जीत का सबसे बड़ा अंतर था।

सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा रखने वाले पटेल (Bhupendra Patel) पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के करीबी माने जाते हैं। आनंदीबेन 2012 में इसी सीट से चुनाव जीती थीं। पार्टी विधायक दल के नये नेता के तौर पर पटेल के नाम की घोषणा के साथ ही रूपाणी (Vijay Rupani) के उत्तराधिकारी को लेकर संशय समाप्त हो गया। सूत्रों ने बताया कि पटेल आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्ष करने के बाद आगामी कुछ दिनों में अपने कैबिनेट का विस्तार करेंगे।

गौरतलब है कि रूपाणी (Vijay Rupani) कोरोना वायरस महामारी के दौरान बीजेपी शासित राज्यों में पद छोड़ने वाले चौथे मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने दिसंबर 2017 में दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। रूपाणी पहली बार सात अगस्त, 2016 को मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के इस्तीफे के बाद यह पद संभाला था। उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद दूसरी बार राज्य की बागडोर संभाली थी।