Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

नक्सलियों ने 10 लाख के इनामी नक्सली को संगठन से निकाला, इस कारण किया बर्खास्त

10 लाख के इस इनामी पर संगठन की महिलाओं का शोषण करने का आरोप। सांकेतिक तस्वीर।

नक्सली संगठनों के लिए अच्छे दिन नहीं चल रहे। आए दिन मुठभेड़ में हार्डकोर नक्सली मारे जा रहे हैं। बचे हुए एक-एक करके सरेंडर करते जा रहे हैं। जिन आदिवासियों को बरगला कर उनका समर्थन हासिल करते थे, उनका भी मोहभंग होने लगा है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के चलते नक्सल प्रभावित इलाकों के युवा अब पढ़ाई और रोजगार की तरफ बढ़ रहे हैं। ऐसे में नक्सली संगठनों के लिए अस्तित्व का संकट गहराने लगा है। ऊपर से अब संगठन के भीतर ही बगावत की खबरें भी सुनने को मिलती रहती हैं। ऐसे में उनके लिए अपनी साख बचाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है। ऊपर से संगठन की महिला सदस्यों द्वारा लगाए जा रहे शोषण के आरोपों के चलते रही सही कसर भी पूरी होती जा रही है।

ताजा खबर ये है कि नक्सलियों ने एक 10 लाख के इनामी नक्सली अपने ही संगठन से निकाल बाहर किया है। इस बारे में नक्सलियों की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की गई है। दावा किया गया है कि नक्सलियों के प्रवक्ता ने इसे जारी किया है। नक्सलियों की आंध्र-ओडिशा बाॅर्डर स्पेशल जोनल कमेटी ने अपनी ही पार्टी के कैडर के 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली नवीन को पार्टी से निकाल दिया है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि अब नवीन का पार्टी से कोई नाता नहीं है।

नक्सलियों की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नवीन पर संगठन की महिला सदस्यों से आपत्तिजनक व्यवहार किए जाने, शोषण करने जैसे आरोप लगाए गए थे। ऐसा पहली बार हुआ जब शीर्ष नक्सल संगठन ने अपने ही बड़े कैडर को बाहर का रास्ता दिखा दिया। ओडिशा जोनल कमेटी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि नक्सली पुलिस पर महिला शोषण का आरोप लगाते रहे हैं, ऐसा पहली बार हुआ, जब उन्होंने अपने संगठन प्रमुख ओहदेदार को महिला नक्सली से अश्लील व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की है।

बता दें कि नवीन एलियंस उर्फ बोडा अंजनैया डिवीजन कमेटी का एक्टिव सदस्य था। उस पर दस लाख रुपये का इनाम भी घोषित है। नवीन 2004 से संगठन में शामिल हुआ था और उसे 2016 में डीसीएम मेम्बर बनाया गया था। यानी अब तक जो आरोप संगठन से बाहर निकल आई महिला नक्सली लगाती थीं, उसकी तस्दीक अब खुद संगठन ने कर दी है।

नक्सलवाद को उखाड़ फेंकने के लिए सरकार का एक और प्लान