Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

Republic Day 2021: 26 जनवरी को ही क्यों मनाते हैं गणतंत्र दिवस? यहां जानें

Republic Day 2021: भारत का संविधान 2 साल, 11 महीने और 17 दिन में बनकर तैयार हुआ था। 26 जनवरी 1950 को ये पहली बार अस्तित्व में आया। देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस  (Republic Day) के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

नई दिल्ली: 26 जनवरी को देशभर में गणतंत्र दिवस (Republic Day 2021)  मनाया जाता है। साल 1950 में इसी दिन भारत सरकार अधिनियम (एक्ट) (1935) को हटाया गया था और भारत का संविधान लागू किया गया था। भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को ही बनकर तैयार हो गया था, लेकिन इसे दो महीने बाद 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। इसी दिन भारत पूर्ण गणराज्य बना।

संविधान लागू करने के लिए 26 जनवरी का दिन इसलिए चुना गया, क्योंकि इसी दिन साल 1930 में पंडित जवाहर लाल नेहरू के नेतृत्व में इंडियन नेशनल कांग्रेस ने अंग्रेज शासन के खिलाफ पूर्ण स्वराज का ऐलान किया था।

भारत को आजादी तो 15 अगस्त 1947 को मिली थी, लेकिन साल 1930 से लेकर 15 अगस्त 1947 तक 26 जनवरी को ही पूर्ण स्वराज दिवस (स्वतंत्रता दिवस) मनाया जाता था।

Republic Day 2021: इस बार सबकी निगाहें होंगी राफेल की ‘वर्टिकल चार्ली’ फॉर्मेशन पर, जानें क्या है ये

गणतंत्र राष्ट्र का विचार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के लाहौर सत्र में 31 दिसंबर 1929 को किया गया था। इसके लिए पंडित नेहरू की अध्यक्षता में एक मीटिंग का आयोजन किया गया था।

पंडित नेहरू की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में ही 26 जनवरी को स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाने की शपथ ली गई थी।

इसके बाद लाहौर सत्र में नागरिक अवज्ञा आंदोलन की रूपरेखा तय हुई थी। इसमें फैसला लिया गया था कि 26 जनवरी 1930 को पूर्ण स्वराज दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इसी दिन देश का झंडा भी फहराया गया था।

भारत को पूर्ण रूप से अंग्रेजों से आजादी 15 अगस्त 1947 को मिली। तब से इस दिन स्वतंत्रता दिवस मनाया जाने लगा और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाने लगा।

भारत का संविधान 2 साल, 11 महीने और 17 दिन में बनकर तैयार हुआ था। 26 जनवरी 1950 को ये पहली बार अस्तित्व में आया। देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस  (Republic Day) के रूप में मनाने की घोषणा की थी।