Hindi News (हिंदी समाचार), News in Hindi, Latest News In Hindi

Republic Day 2020: जेटली, सुषमा और जॉर्ज सहित 7 लोगों को मिला पद्म विभूषण

Arun Jaitley

Republic Day 2020: गणतंत्र दिवस के मौके पर  समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडीस‚ पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और सुषमा स्वराज (तीनों मरणोपरांत) तथा मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम सहित विभिन्न क्षेत्रों की सात हस्तियों को इस वर्ष पद्मविभूषण (Padma Vibhushan) से सम्मानित किया जाएगा।

विभिन्न क्षेत्रों की सात हस्तियों को पद्मविभूषण (Padma Vibhushan) 16 को पद्मभूषण (Padma Bhushan) और 118 को पद्मश्री सम्मान के लिए चुना गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इन नामों को मंजूरी दी है। पद्मविभूषण सम्मान के लिए चयनित अन्य हस्तियों में सार्वजनिक सेवाओं के लिए सर अनिरुद्ध जगन्नाथ‚ शास्त्रीय गायक छन्नू लाल मिश्रा और अध्यात्म के क्षेत्र में विशवेश्वतीर्थ स्वामीजी श्री पेजावरा अधोखाजा माता उडुपी (मरणोपरांत) शामिल हैं। उद्योगपति आनंद महेन्द्रा और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू सहित 16 को पद्मभूषण (Padma Bhushan) सम्मान के लिए चुना गया है।

पद्मभूषण (Padma Bhushan) पाने वाली 16 हस्तियों में श्री आनंद महिन्द्रा और पीवी सिंधू के अलावा साहित्य एवं शिक्षा क्षेत्र से मनोज दास‚ भारत में बंगलादेश के पूर्व उच्चायुक्त सईद मुअज्जम अली (मरणोपरांत)‚ कला क्षेत्र से अजय चक्रवर्ती‚ नेता एससी जमीर‚ पर्यावरणविद अनिल प्रकाश जोशी‚ कानूनविद एनआर माधव मेनन (मरणोपरांत) और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोहर पर्रिकर प्रमुख हैं। पद्मश्री पुरस्कार पाने वालों में फिल्म अभिनेत्री कंगना रानौत‚ निर्माता निर्देशिका एकता कपूर‚ गायक सुरेश वाडकर‚ जाने–माने गणितज्ञ वशिष्ठ नारायण सिंह (मरणोपरांत) और अदनान सामी और फिल्म प्रोड्यूसर करण जौहर प्रमुख हैं।  

भारतीय सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह समेत सेना के 19 उच्च अधिकारियों को परम विशिष्ट सेवा पदक से नवाजा गया है। पराक्रम के लिए छह अधिकारियों को शौर्य चक्र प्रदान किया गया है।

सेना प्रवक्ता अनुसार गणतंत्र दिवस के अवसर पर कुल 151 सेना पदक और आठ युद्ध सेवा पदक दिए जाने की भी घोषणा की गई है। उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह समेत 19 अधिकारियों को परम विशिष्ट सेवा पदक के लिए चुना गया है। तीसरी कोर‚ 14 कोर‚ 15 कोर‚ 16 कोर के कंमाडरों को उत्तम युद्ध सेवा पदक के लिए चुना गया है। शौर्य चक्र पाने वाले छह अधिकारियों एवं जवानों में लेफ्टिनेंट कर्नल ज्योति लामा‚ मेजर के बिजेन्द्र सिंह‚ नायब सूबेदार नरेन्द्र सिंह‚ नायब सूबेदार सोमबीर‚ नायक नरेश कुमार और सिपाही कर्मदेव ओरांव शामिल है। अति विशिष्ट सेवा पदक के लिए 32 अधिकारियों को चुना गया है।