
सांकेतिक तस्वीर।
झारखंड: नक्सलियों (Naxalites) के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिमी सिंहभूम के पोड़ाहाट जंगल से 4 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है।सभी नक्सलियों (Naxalites) को जेल भेज दिया गया है। इस मामले की पुष्टि एसपी अजय लिंडा ने की है। एसपी ने बताया कि गोईलकेरा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार नक्सली आईईडी बम प्लांट करने समेत कई मामलों में शामिल थे।
एसपी ने ये भी बताया कि पुलिस को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि गोईलकेरा थाना क्षेत्र के डेरवां, कुनैना, पंता सहित आसपास के इलाकों में नक्सली सक्रिय हैं। इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाया,जिसके बाद 2 नक्सली रमेश चन्द्र चांपिया उर्फ चमरा चांपिया और बोआस मुंडारी को गिरफ्तार किया गया। ये दोनों नक्सली मोछू और सुरेश मुंडा के दस्ते के हैं।
इन नक्सलियों के पास से वॉकी-टॉकी, जोनल कमांडर मोछू और सुरेश दस्ते द्वारा लिखे पत्र, बैनर वगैरह बरामद हुए हैं।
एसपी के मुताबिक, टोकलो थाना क्षेत्र के झरझरा बाजार और आसपास के इलाकों में 24 नवंबर को ये सूचना मिली थी, कि वहां नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद 2 नक्सलियों डेविड गागराई उर्फ चम्बरू गागराई और टोकलो थाना क्षेत्र के दरकदा गांव निवासी लखीराम गागराई उर्फ लखी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार नक्सलियों के पास से नक्सली बैनर, 2 नक्सली पोस्टर, 4 पर्चे और 3 बंडल मोटा सफेद धागा बरामद किया गया है।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App