बिहार विधानसभा चुनाव: बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में नक्सली, लगा रहे कैंप

बिहार विधानसभा चुनाव: नक्सलियों (Naxalites) की टीमों ने बिहार राज्य से सटे झारखंड और छत्तीसगढ़ के इलाके में अपनी चहलकदमी शुरू कर दी है।

Naxalites

सांकेतिक तस्वीर।

बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नक्सली (Naxalites) किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। वह बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के सीमांचल क्षेत्रों में सक्रिय हो रहे हैं और इसीलिए वह कैंप लगा रहे हैं।

नक्सलियों (Naxalites) की टीमों ने बिहार राज्य से सटे झारखंड और छत्तीसगढ़ के इलाके में अपनी चहलकदमी शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के अलग-अलग दस्ते के कमांडर लेवल के नक्सली, झारखंड और छत्तीसगढ़ के सीमांचल क्षेत्र में संगठन का विस्तार करने के लिए नई रणनीति के तहत कार्य कर रहे हैं।

झारखंड के कोयल शंख जोन में प्रतिबंधित भाकपा माओवादी के कोर कमेटी के सदस्यों ने चहल कदमी बढ़ा दी है। वहीं उत्तरी छोटानागपुर जोन के सक्रिय माओवादी मिथिलेश और उसके दस्ते के लोगों द्वारा इस क्षेत्र में संगठन विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

झारखंड समेत चतरा से सटे बिहार के इलाके में रीजनल कमांडर और 15 लाख का इनामी नक्सली नवीन यादव अपने दस्ते के साथ कैंप कर रहा है।

वहीं बिहार और झारखंड से सटे, गया के इलाके में 25 लाख का इनामी संदीप यादव सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इधर झारखंड और छत्तीसगढ़ के सीमांचल क्षेत्र में पड़ने वाले बुड्ढा पहाड़ के क्षेत्र की कमान कुख्यात नक्सली रोहित संभाल रहा है।

ये भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर: हरकत से बाज नहीं आ रहे आतंकी, पुंछ में पुलिस वाहन किया ग्रेनेड हमला

बता दें कि नक्सली रोहित भाकपा माओवादी संगठन के केंद्रीय कमेटी के सदस्य अरविंद का करीबी रहा है। इसी वजह से भाकपा माओवादी ने रोहित को इस क्षेत्र की कमान दी है।

बता दें बुड्ढा पहाड़ का इलाका जंगलों से भरपूर है और छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों तक फैला हुआ है। हालांकि पुलिस भी नक्सलियों (Naxalites) की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है। बिहार पुलिस जंगलों को छान रही है, वहीं झारखंड पुलिस अपने सीमांचल क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की टोह ले रही है।

बिहार पुलिस की रडार पर, गया जिले के बाराचट्टी का निवासी और 5 लाख का इनामी नक्सली अमरजीत यादव, औरंगाबाद का अमर गंजू, गया का 15 लाख का इनामी विकास यादव ,अरवल का बाबूलाल, चतरा का जोनल कमांडर, 10 लाख का इनामी रघुवंश गंजू, जमुई का पिंटू राणा, औरंगाबाद का भाकपा माओवादी का रीजनल कमेटी का सदस्य नितेश यादव, सीताराम रजवार और मुराद है।

बिहार के एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, झारखंड और बिहार से सटे इलाके में पिंटू राणा का दस्ता सक्रिय है। सुरक्षाबल उसे पकड़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

ये भी देखें- 

Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App

यह भी पढ़ें