Unlock: देश में शुरू हुआ अनलॉक, जानें किस राज्य में क्या छूट मिली और क्या रहेंगी पाबंदियां

देशभर में धीरे-धीरे अनलॉक (Unlock) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान समेत कई राज्य ऐसे हैं, जहां कुछ हदतक छूट दी गई है।

Delhi Unlock

File Photo

बिहार में अभी लॉकडाउन (Lockdown) लगा हुआ है और 8 जून तक लागू है। आगे अनलॉक (Unlock) की प्रक्रिया क्या होगी, 7 जून को इसका ऐलान हो सकता है।

देशभर में धीरे-धीरे अनलॉक (Unlock) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान समेत कई राज्य ऐसे हैं, जहां कुछ हदतक छूट दी गई है और आज से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो रही है। राजधानी दिल्ली में अनलॉक की प्रकिया पिछले हफ्ते से शुरू हो गई है। सबसे पहले फैक्ट्री और कंस्ट्रक्शन साइट को खोलने की इजाजत दी गई थी और अब 7 जून से कुछ और चीजें खोलने की इजाजत दी गई है।

दिल्ली

दिल्ली में 7 जून से बाजार और मॉल्स ऑड-इवेन आधार पर खुलने जा रहे हैं। वहीं, मेट्रो भी 50 फीसदी यात्रियों के साथ शुरू की जा रही है। ई-कॉमर्स के जरिए सामान बेचने की इजाजत भी दी गई है। दुकानें खुलने का समय सुबह 10 से रात 8 बजे तक होगा। फिलहाल, वीकली मार्केट, जिम, स्पा, सलून, एंटरटेनमेंट पार्क, वॉटर पार्क, पब्लिक पार्क और गार्डन को फिलहाल खोलने की इजाजत नहीं मिली है।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में पांच फेज में अनलॉक (Unlock) की प्रक्रिया को शुरू किया गया है, एक्टिव केस के आधार पर जिलों को लेवल के आधार पर बांट दिया गया है। अगर मुंबई की बात करें तो मुंबई लेवल 3 की श्रेणी में आया है। बीते दिन मुंबई में 800 से कम केस, 20 मौतें दर्ज की गई हैं। यहां 7 जून से रेस्तरां, दुकानें, पब्लिक प्लेस खुल पाएंगे। कोविड गाइडलाइन्स का पालन करना जरूरी है।

जरूरी क्षेत्र की दुकानें सातों दिन शाम 4 बजे तक खुलेंगी, गैर-जरूरी दुकानें सिर्फ वीकली दिनों में शाम 4 बजे तक खुलेंगी। मॉल, थियेटर, मल्टीप्लेक्स को अभी बंद ही रखा जाएगा। रेस्तरां सिर्फ 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे, पब्लिक प्लेस-पार्क सुबह 5 से 9 बजे तक खुला रहेगा। मुंबई में बेस्ट की बस सर्विस 7 जून से शुरू होगी। बस में जितनी सीट हैं, उतने ही यात्री बैठा पाएंगे। लोकल ट्रेन में अभी कुछ जगहों पर स्वास्थ्यकर्मी और जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को एंट्री है।

Coronavirus: बीते 24 घंटे में देश में आए 1,00,636 नए केस, दिल्ली में 83 दिन बाद आए 400 से कम मामले

उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में कोरोना के नए मामलों की संख्या कम हुई है, एक्टिव केस भी कम होने लगे हैं। ऐसे में सरकार द्वारा अनलॉक की नीति बनाई गई है, जिन जिलों में 600 से कम एक्टिव केस हैं वहां पर कुछ पाबंदी हटेंगी। अब उत्तर प्रदेश में 3 जिलों में ही लॉकडाउन लगा हुआ है। जिन इलाकों में छूट दी जा रही है, वहां पर सोमवार से शुक्रवार तक दुकानें, बाजार सुबह 7 बजे से शाम को 7 बजे तक खुल पाएंगे।

सब्जी मंडी खुल पाएगी, लेकिन खुले स्थान पर ही दुकानें लगाई जाएंगी। रेस्तरां से सिर्फ होम डिलीवरी की इजाजत, वहां बैठकर नहीं खा सकते हैं। रेहड़ी-पटरी वाले भी अपना काम शुरू कर सकते हैं, कोविड गाइडलाइन्स का पालन जरूरी। सिनेमा हॉल, जिम, मॉल, क्लब, स्वीमिंग पूल अभी भी बंद रहेंगे। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर्स भी अभी बंद रहेंगे। मेरठ, सहारनपुर और गोरखपुर में पहले की तरह पाबंदियां जारी रहेंगी और कोई बदलाव नहीं होगा।

बिहार

बिहार में अभी लॉकडाउन (Lockdown) लगा हुआ है और 8 जून तक लागू है। आगे अनलॉक (Unlock) की प्रक्रिया क्या होगी, 7 जून को इसका ऐलान हो सकता है।

राजस्थान

राजस्थान में भी अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो रही है। सरकारी स्कूल और दफ्तरों में 50 फीसदी की उपस्थिति होगी। वहीं, बाजारों को शाम 4 बजे तक खोलने की इजाजत दी गई है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट को पचास फीसदी की क्षमता के साथ शुरू किया जा रहा है। सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स, मॉल अभी भी बंद ही रखे जाएंगे।

हरियाणा

हरियाणा में लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए बढ़ाया गया है, लेकिन कुछ हदतक छूट दी गई है। अब सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक दुकानें खुल सकेंगी। इन्हें ऑड-ईवन के हिसाब से ही खोला जाएगा। मॉल को 10 से 6 खोला जाएगा, रेस्तरां में 50 फीसदी क्षमता के साथ छूट होगी।

ये भी देखें-

वहीं, पंजाब, झारखंड, ओडिशा, बंगाल, मध्य प्रदेश समेत कई राज्य ऐसे हैं जहां पर कोरोना कर्फ्यू को अभी चालू किया गया है। स्थानीय स्तर पर परिस्थितियों को देखकर कुछ छूट यहां भी मिल रही हैं। 

Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App

यह भी पढ़ें