छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी ढेर, कई नक्सली घायल

12 जुलाई की सुबह हुई एक मुठभेड़ में जवानों ने एक खूंखार नक्सली को ढेर कर दिया। मारे गए नक्सली के सिर पर पांच लाख रुपए का इनाम था। नक्सली के शव के पास से पुलिस ने एक 303 इंसास राइफल भी बरामद किया है।

naxal, chhattisgarh naxal, dantewada naxal, Naxalite killed in encounter, DRG Jawan, sirf sach, sirfsach.in

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया

नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों ने एक और कामयाबी हासिल की है। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया। 12 जुलाई की सुबह हुई एक मुठभेड़ में जवानों ने एक खूंखार नक्सली को ढेर कर दिया। मारे गए नक्सली के सिर पर पांच लाख रुपए का इनाम था। नक्सली के शव के पास से पुलिस ने एक 303 इंसास राइफल भी बरामद हुआ है। जानकारी के मुताबिक, मारा गया नक्सली श्यामगिरी में नक्सलियों के हमले में मारे गए भाजपा विधायक भीमा मंडावी की हत्या में भी शामिल था। दंतेवाड़ा के एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, डीआरजी के जवान 12 जुलाई को सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान सुबह करीब 10.30 बजे कटेकल्याण थाना क्षेत्र में डब्बा के जंगलों में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अचानक हमला कर दिया। जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की। घटनास्थल पर बैकअप के लिए फोर्स भी भेजी गई। दोनों ओर से हुई इस गोलीबारी के बाद जवानों ने सर्चिंग की। जहां घटनास्थल से एक नक्सली का शव बरामद किया गया। मारे गए नक्सली की पहचान हुर्रा मलांगिर के रूप में हुई है। उस पर प्रशासन की ओर से 5 लाख रूपए का इनाम रखा गया था। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में कई नक्सली घायल भी हुए हैं।

पढ़ें: अनंतनाग आतंकी हमले में शामिल जैश-ए-मोहम्मद के तीन ओवर ग्राउंड वर्कर्स गिरफ्तार

इससे पहले, राज्य के नक्सल प्रभावित सुकमा में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बड़ी कामयाबी मिली थी। यहां मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक महिला नक्सली को मार गिराया था। सुकमा के चिंतागुफा इलाके में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली कैंप को ध्वस्त कर दिया। साथ ही मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया। छत्तीसगढ़ के नक्सल विरोधी अभियान के पुलिस उप महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के डब्बाकोंटा गांव के करीब जंगल में सुरक्षा बलों ने एक नक्सली शिविर को ध्वस्त कर दिया तथा इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को भी मार गिराया है।

सुंदरराज ने बताया कि चिंतागुफा थाना क्षेत्र में 8 जुलाई की शाम को नक्सल विरोधी अभियान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोबरा बटालियन, एसटीएफ और डीआरजी के संयुक्त दल को रवाना किया गया था। दल मंगलवार तड़के जब डब्बाकोंटा गांव के जंगल में था तभी नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। कुछ देर तक दोनों ओर से फायरिंग के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। बाद में जब मुठभेड़ स्थल की तलाशी ली गई तो वहां एक वर्दीधारी महिला नक्सली का शव, एक इंसास राइफल और शिविर में रखा सामान बरामद किया गया।

पढ़ें: करगिल शहीद के परिवार को 20 साल बाद भी उम्मीद, सरकार पूरा करेगी अपना वादा

Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App

यह भी पढ़ें