
CRPF
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान ने अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। स्थानीय पुलिस ने ये जानकारी साझा की। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले के दोरनापाल थाना क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 223वीं बटालियन के 27 वर्षीय जवान कमल कांत रोहिदास ने शुक्रवार रात अपनी सरकारी इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली।
छत्तीसगढ़: पुलिस का नक्सल विरोधी अभियान जारी, बीजापुर से 4 नक्सली गिरफ्तार
सुकमा पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान रात जब अपने बैरक में थे तब उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी। इसके बाद कैंप में मौजूद जवान फौरन जवान कमल कांत के कमरे में पहुंचे। जवानों ने वहां कमल कांत को गंभीर रूप से घायल देखा। जवानों ने कमल कांत को फौरन अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CRPF जवान की आत्महत्या की वजह प्रेम प्रसंग
पुलिस के मुताबिक, कमल कांत उड़ीसा के झारसुगड़ा जिले का रहने वाला था। उसके परिवार वालों को इस दुखद घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं किया है। हालांकि अभी तक की जांच से पता चला है कि वह किसी लड़की से अफेयर को लेकर परेशान था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के घोर नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) हमेशा तैनात रहती है और इसी अहम मुहिम का कमल कांत भी काफी दिनों से एक हिस्सा थे।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App