
बिहार (Bihar) के नक्सल प्रभावित गया जिले के कोबरा 205 एवं स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक नक्सली को दबोच लिया।
बिहार (Bihar) के नक्सल प्रभावित गया (Gaya) जिले के कोबरा वाहिनी 205 एवं स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक नक्सली को दबोच लिया। भोक्ताडीह के जंगली इलाके से नक्सली रौशन तुरी नाम के नक्सली को जवानों ने गिरफ्तार किया।

कोबरा वाहिनी से मिली जानकारी के अनुसार, नक्सली रौशन तुरी झारखंड के चतरा जिला के राजपुर थाना क्षेत्र के बनियाबांध का रहने वाला है। गिरफ्तार नक्सली भाकपा माओवादी संगठन के कौलेश्वरी सबजोन के नक्सल इंदल भोक्ता, आलोक भोक्ता उर्फ गुलशन का खास सहयोगी रहा है और उसने संगठन के लिए काफी समय काम किया है। जानकारी के अनुसार, कोबरा वाहिनी को सूचना मिली थी कि नक्सली रौशन किसी काम से भोक्ताडीह के जंगली इलाके में है।
जिसके बाद एन्टी नक्सल अभियान चला कर कोबरा वाहिनी 205 और स्थानीय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले भी पुलिस ने जिले से एक नक्सली को गिरफ्तार किया था। गया (Gaya) जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र के नदौरा पंचायत के महादेव स्थान गांव के रहने वाला नामजद नक्सली छोटू भुईंया पुलिस से छिपकर अंडे की दुकान चला अपने परिवार की जीविका चला रहा था। 19 नवंबर की रात बिहार (Bihar) एसटीएफ की टीम ने सादे लिबास में पहुंचकर पहले काफी देर तक उसकी दुकान पर रुककर अंडा खाया। उसके बाद बातचीत के दौरान उससे पहले नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सक्रिय सदस्य होने की जानकारी निकलवाई।
फिर उसे हिरासत में लेकर औरंगाबाद के खुदवां थाना ले जाया गया। थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार विश्वकर्मा के मुताबिक, छोटू भुईंया पहले प्रतिबंधित संगठन भाकपा माओवादी के सक्रिय सदस्य के रूप में काम करता था। औरंगाबाद जिले के खुदवां थाना में नक्सली घटना में वह नामजद अभियुक्त था। बिहार (Bihar) में पुलिस का नक्सलियों के खिलाफ अभियान जोरों पर है। पुलिस नक्सलवाद के खात्मे के लिए कटिबद्ध है। नक्सलियों की धर-पकड़ के लिए हर मुमकिन कोशिश की जा रही है।
पढ़ें: फिल्मों जैसी है इस पूर्व नक्सली की लव स्टोरी, पढ़िए कैसे पहुंचाया अपने प्यार को शादी के अंजाम तक
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App