नाम बदलकर अस्पताल में इलाज करा रहा था, पकड़ा गया पूर्व CM बाबू लाल मरांडी पर हमला करने वाला नक्सली

मंटू यादव को देवरी पुलिस काफी दिनों से खोज रही थी। 4 दिसंबर, 2010 को इस नक्सली ने चिराग के साथ मिलकर झारखंड विकास मोर्चा की नेता मीरा तिवारी के घर पर हमला बोला था।

naxal, naxal arresred, jharkhand naxal, naxal arrested in deoghar jharkhand, bihar, bihar naxal, sirf sach, sirfsach.in

झारखंड के देवघर में नक्सली मंटू यादव गिरफ्तार।

इस नक्सली को पुलिस काफी शिद्दत से तलाश रही थी। गुप्तचरों ने सूचना दी कि यह कुख्यात देवघर के कुंडा स्थित एक अस्पताल में नाम बदलकर अपना इलाज करवा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया। चकाई पुलिस और देवघर पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाया और सीधे जा पहुंची अस्पताल के अंदर। पुलिस को देखते ही यह घायल नक्सली भागने की कोशिश करने लगा लेकिन पूरी तैयारी में आई पुलिस ने इस बार उसे कोई मौका नहीं दिया और अस्पताल में ही धर दबोचा।

इस दुर्दांत नक्सली का नाम मंटू यादव है। पता चला कि बीते सोमवार (24 जून, 2019) को मंटू चकाई थाना क्षेत्र के दुलमपुर पंचायत के धन्वे गांव में हुई एक मारपीट में बुरी तरह जख्मी हो गया था। मारपीट में घायल होने के बाद यह कुख्यात अपने साथियों की मदद से अस्पताल में भर्ती हो गया। अब पकड़े गए मंटू यादव से गिरिडीह पुलिस नक्सलियों के राज उगलवाने में जुटी है।

कौन है मंटू यादव?

देवघर के कुंडा से बिहार-झारखंड पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात नक्सली मंटू यादव गिरिडीह के देवरी में तीन नक्सली कांडों का अभियुक्त है। मंटू मारे गए कुख्यात नक्सली चिराग के दस्ते का सदस्य है और चिराग के मरने के बाद बिहार-झारखण्ड सीमाई क्षेत्र में काफी सक्रिय था। मंटू यादव नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का मेंबर है। कभी कुख्यात नक्सली चिराग के साथ इलाके में दहशत फैलाने का काम करता था। कुछ दिनों तक इस नक्सली को गिरिडीह के बेंगाबाद के अलावा चकाई की भी कमान सौंपी गई थी।

पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी पर किया हमला

मंटू यादव को देवरी पुलिस काफी दिनों से खोज रही थी। 4 दिसंबर, 2010 को इस नक्सली ने चिराग के साथ मिलकर झारखंड विकास मोर्चा की नेता मीरा तिवारी के घर पर हमला बोला था। जिस वक्त मीरा के घर पर हमला बोला गया था उस समय जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी भी वहीं पर थे। बताया जाता है कि उस दिन देवरी के जिला परिषद सदस्य पद की प्रत्याशी चुनावी कार्यालय का उद्घाटन जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने किया था। इसके बाद खाना खाने के लिए वो मीरा तिवारी के घर गए थे तभी भाकपा माओवादियों के नेतृत्व में नक्सलियों ने उनके घर पर गोलीबारी शुरू कर दी थी। इस घटना में जेवीएम नेताओं में बाबूलाल मरांडी एवं नुनूलाल मरांडी तथा वर्तमान में जिप सदस्य मीरा तिवारी बाल-बाल बच गई थीं।

पुलिस ने दर्ज किया था केस

इस मामले में देवरी पुलिस ने तत्कालीन एरिया कमांडर चिराग समेत कई नक्सलियों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया था। जमुई के चकाई थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के मंटू यादव को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया था। इस मामले में दो प्राथमिकी 2015 एवं 2016 ऑब्लिक दर्ज की गई थी। केस दर्ज होने के बाद कुछ दिनों पहले देवरी पुलिस ने मंटू यादव के घर (गोविंदपुर थाना, जिला, जमुई, राज्य-बिहार) में इश्तेहार भी लगाया था और उसे इश्तेहार के माध्यम से उसे न्यायालय में उपस्थित होने को भी कहा गया था।

पढ़ें: मां से वीरों की कहानियां सुन सेना में हो गया भर्ती, इस शहीद जवान को मरणोपरांत मिला परम वीर चक्र

Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App

यह भी पढ़ें